तलवाचाटु चमचों की जय हो!

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
आज के समय में हर दूसरा आदमी व्यक्ति चमचा बनना चाहता है, क्योंकि लोगों की यह सोच होती है कि चमचे ईमानदारों और सच बोलने वालों से ज्यादा सम्मान के काबिल और काम निकालूँ होते हैं। चमचा कलछुल की तरह मेहनत की कालिख पोतने से अधिक कीमती चीजों की चमक से खुद को गोरा चिकना रखना चाहता है। यही कारण हर दूसरा व्यक्ति चमचा बनने की चाह रखता है।
चमचे की जिंदगी गरीबों की तुलना में बहुत अलग होती हैं, गरीब जहां खाने के लिए तरसते रहते हैं वही चमचे महंगे-महंगे व्यंजन छकते हैं। चमचों के बड़े-बड़े घर होते हैं तथा अपनी चाहत के अनुसार कुछ भी खरीद सकते हैं और कहीं भी जा सकते हैं। चमचों को लगभग सभी लोग सम्मान देते हैं जबकि गरीब को सम्मान नहीं दिया जाता यह बहुत बड़ा कारण है जिससे लोग चमचा बनने की चाह रखते हैं।
चमचों के पास धन बहुत अधिक मात्रा में होता है और वे उस धन का प्रयोग अपने दिखावे के अनुसार अपनी अनोखी स्टाइल में प्रयोग करता है। अमूमन हर दूसरा चमचा अपने जीवन शैली का विकास करता है और अपने आकाओं की थाली से माल उड़ाकर खुद आका बनने का प्रयास करता है। चमचे आलीशान बंगला बनाते हैं तथा महंगी कार, ब्रांडेड कपड़े, जूते, स्वर्ण आभूषण आदि सभी की खरीदारी करते हैं तथा अपने जीवन को एक अलग तरीके से जीते हैं। चमचे बड़ी-बड़ी शादी पार्टी में जाना तथा महंगे स्थानों पर घूमना भी पसंद करते हैं ।
कुछ चमचे अपने जीवन शैली में जितना भी धन कमा लें, लेकिन फिर भी गरीबों का खून चूसे बिना अपना हाजमा ठीक नहीं कर पाते हैं। हमारी दुनिया का सबसे बड़े चमचे का नाम तलवाचाटु है। इनके कहने के अनुसार प्रत्येक व्यक्ति को अच्छी तरह से तलवे चाटने की कला आनी चाहिए और इससे बिगड़ने वाले काम भी बनने लगते हैं। चमचे अपने बच्चों को बहुत बड़े-बड़े स्कूल, कॉलेज में शिक्षा ग्रहण करने के लिए भेजते हैं और उन्हें अपने सपने साकार करने में चमचालॉजी की शिक्षा ग्रहण करने की सीख देते हैं। चमचों की शिक्षा एडवांस लेवल की होती है, वैसे तो शिक्षा अमीर और गरीब दोनों के लिए समान होती है लेकिन चमचे खुद में शिक्षा संस्थान होते हैं। ऐसे शिक्षण संस्थानों में गरीब, ईमानदार और आदर्शवान अपने बच्चों को नहीं पढ़ा पाते हैं।
चमचे तो चमचे हैं, उनके सामने आम क्या और खास क्या। जब पेशी है तो है, नखरों की गुंजाइश चमचों की अदालत में नहीं होगी तो कहाँ होगी। वैसे किसी खास को जब पेश होना पड़ता है तो वह सिर हिलाऊ की ‘तरह’ ही पेश होता है। आजकल खीजे हुए पुलिस वालों का कोई भरोसा नहीं, वे अपनी वाली पर आ जाएं और किसी खास को नहीं पहचानें । इसलिए चमचे होना किसी मायने में सुरक्षित होना भी है, हाथ जोड़ो और निकल्लो चुपचाप। आपने देखा होगा कि ऐरे-गैरे और चोर उचक्के पेश होते वक्त विक्ट्री की दो अंगुलियां दिखाते हैं, मुस्कराते हैं, जिससे अक्सर लोगों को उनके खास आदमी होने का भ्रम होता है। ऐसे में खास आदमी की तरह पेश होना जोखिम भरा भी है। इधर खास आदमी जब चमचा बनता है तो अपनी तलवाचाटु कला सबमें बांट देता है।
डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्त’, मो. नं. 73 8657 8657




