नशा उन्मूलन पर दिलाई गई शपथ, निकाली गई रैली

युग जागरण न्यूज नेटवर्क
कर्नलगंज/गोण्डा। अन्तर्राष्ट्रीय नशा उन्मूलन दिवस के अवसर पर नगर स्थित कन्हैया लाल इंटर कॉलेज कर्नलगंज गोण्डा में एनसीसी कंपनी ने नशा मुक्त भारत हेतु विविध कार्यक्रम आयोजित किया। सर्वप्रथम विद्यालय प्रधानाचार्य मेजर राजाराम के नेतृत्व में नशा उन्मूलन पर शपथ दिलाई गई और तत्पश्चात जागरूकता रैली निकाली गई। रैली विद्यालय से स्टेशन, हुजूरपुर मोड़,सुक्खा पुरवा होते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं गोंडा-लखनऊ राजमार्ग तक पहुंची।
कैडेटों ने नशा से होने वाली बर्बादी से जनमानस को स्लोगन पढ़कर तथा नुक्कड़ नाटक कर जागरूक किया। रैली को प्रधानाचार्य ने संबोधित करते हुए बताया कि पहले तो नशा को शौक के तौर पर शुरू करते हैं लेकिन बाद में यह किसी भी व्यक्ति,समाज और देश की बर्बादी का कारण बनता है। पूरे विश्व में नशा ने अपना जाल बिछाया है और हमारा भारत भी इससे अछूता नहीं है।
आज हमारे देश की बहुत बड़ी जनसंख्या नशे के जाल में फंस चुकी है। सबसे दु:खद बात तो यह है कि इसमें 10 वर्ष से लेकर 18 वर्ष के किशोर सर्वाधिक मात्रा में पाए जाते हैं। रैली में शिक्षक नीरू सिंह,नंदकिशोर गुप्ता,देवेंद्र तिवारी, रामकुमार ने साथ चलकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। रैली मे अंडर आफिसर रत्नेश मिश्र, हर्षित गोस्वामी, प्रतिमा गौतम,शहजाद,मेराज आदि कैडेटों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।




