पावर हाउस पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, तीन दिन से बिजली न आने पर अधिकारियों के खिलाफ की नारेबाजी

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
उरई/जालौन। जालौन में बिजली समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने बीती रात पावर हाउस का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही सड़क पर जाम लगा लिया और जमकर अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। देर रात जाम लगने की सूचना स्थानीय पुलिस को हुई तो मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। बिजली अधिकारियों से बात कर जल्द समस्या का समाधान कराये जाने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर प्रदर्शन खत्म हुआ।
यह पूरा मामला नदीगांव विकासखंड के अंतर्गत आने वाले रेंढ़र थाना कस्बे का है। जहां इस इलाके के ग्रामीण बीते तीन दिनों से बिजली समस्या से जूझ रहे हैं। गांव में बिजली न आने के कारण लोगों को पानी सहित अन्य मूलभूत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिस कारण गुरुवार देर रात को ग्रामीणों ने बिजली पावर हाउस पर जाकर धावा बोल दिया।
पावर हाउस का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की और सड़क जाम कर दी। देर रात ग्रामीणों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन की जानकारी जैसे ही रेंढ़र थाना पुलिस को हुई, पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिन्होंने प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों को समझाया और उन्हें शान्त कराया। ग्रामीणों का कहना है कि रेंढ़र इलाके में बीते 3 दिनों से बिजली न आने के कारण पानी से लेकर अन्य जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं, जिस कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कई बार अधिकारियों से इस समस्या का समाधान करने की मांग की है, मगर अधिकारियों द्वारा इसका तनिक भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों की समस्या सुनते हुए पुलिस अधिकारियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से बात कर जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन शांत किया।




