पावस (चौपाई )
युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
पावस पावन गंगा धारा |
मैया ने ही सबको तारा ||
उसकी पूजा करना प्यारे |
देखो जग में खेल निराले ||
मंदिर नित प्रति प्यारे जाना |
शिवजी को तुम भोग लगाना ||
पावस सावन श्रेष्ठ महीना |
परहित खातिर जग में जीना ||
सारा जीवन तापस होता |
धीरज मानव जब है खोता ||
राम सहारे बढ़ते जाना |
सारे जग ने उसको माना ||
पावस पावन मेरी मैया |
मैं हूँ उसका प्यारा छैया ||
चरणों में मैं शीश झुकाता |
आगे बढ़ने का वर पाता ||
धरती का अंबर से कहना |
परहित कष्टों को सब सहना ||
राम नाम महिमा जो गाये |
श्रेष्ठ परम पद वह ही पाये ||
पावन बेला अब है आई |
पावस सरस अमृत बरसाई |
ध्यान ईश का ही तुम धरना |
धर्म कर्म हित जीना मरना ||
वैरागी जब मन हो जाए।
श्रद्धा भाव तभी मन भाये ||
नश्वर काया झूठी माया |
उल्टा वृक्ष जगत में छाया ||
छोडो बन्धन अब तुम सारे |
ईश भजन में लग जा प्यारे ||
मन को अपने पावस करना |
राम सिया को उर से भजना ||
_________________________
कवयित्री
कल्पना भदौरिया “स्वप्निल”
लखनऊ
उत्तरप्रदेश




