फाइजर, माडर्ना जैसी विदेशी वैक्सीन के भारत आने का रास्ता हुआ आसान, डीसीजीआई ने ट्रायल से दी छूट

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली : फाइजर और मॉडर्ना जैसी विदेशी वैक्सीन जल्द ही देश में लाने का रास्ता आसान हो गया है। भारत की ड्रग नियामक संस्था ने इन वैक्सीन्स के लिए अलग से ट्रायल कराने की शर्तों को हटा दिया है। अब ऐसी वैक्सीन जिन्हें दूसरे देशों में या विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इमरजेंसी इस्तेमाल की मंजूरी मिल चुकी होगी, उन्हें भारत में ब्रिजिंग ट्रायल्स से नहीं गुजरना होना होगा। स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्र ने कहा कि अगर इन कंपनियों ने भारत में ईयूए (एमरजेंसी यूज आथाॅराइजेशन) के लिए अप्लाई किया तो हम भी उन्हें मंजूरी देने को तैयार हैं। हालांकि अब तक की स्थिति को देखते हुए लगता है कि दोनों वैक्सीन के भारत में आने में अभी वक्त लगेगा। फाइजर और मॉडर्ना ने सरकार से ‘क्षतिपूर्ति और स्थानीय ट्रायलों’ से छूट देने की बात की थी। हालांकि, सरकार ने अभी तक किसी भी गंभीर दुष्प्रभाव के लिए मुआवजे से क्षतिपूर्ति या दायित्व पर कोई फैसला नहीं किया है। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) की एक चिट्ठी में बताया गया है कि अब अगर विदेशी वैक्सीन को किसी अन्य देश में या किसी स्वास्थ्य संस्था से मंजूरी मिली हुई है, तो भारत में उसकी गुणवत्ता और स्थिरता पर टेस्टिंग किए जाने की जरूरत नहीं होगी।



