बकेवर थाना क्षेत्र में बोल रही है दबंग कोटेदार की तूती
-न्याय नहीं मिला तो मुख्यमंत्री की चौखट पर लगाऊंगा न्याय की फरियाद - प्रियंक उमराव

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
अनिल श्रीवास्तव
फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र के हरदासपुर मजरे एकधरा गांव निवासी एक युवक ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए बताया कि गांव का ही दबंग कोटेदार प्रधानी के चुनाव में सहयोग न करने से खुन्नस खाकर अपने 3 साथियों के साथ पूरी तरह से मारा पीटा। घटना के संबंध में जब वह उपरोक्त लोगों की शिकायत करने थाने गया तो थाने की पुलिस बिना फरियाद सुने उसको थाने से भगा दिया।
पुलिस अधीक्षक को बकेवर थाना क्षेत्र के हरदासपुर मजरे एकधरा गांव निवासी राजेंद्र उमराव के पुत्र प्रियंक उमराव ने शिकायती प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि उसकी जहानाबाद कस्बे में मेडिकल स्टोर की दुकान है और वह रोज की भांति 16 अप्रैल को दुकान बंद करने के बाद मोटरसाइकिल से वापस गांव जा रहा था तभी गांव के ही दबंग कोटेदार राजकुमार नशे की हालत में खुद अपने तीन अन्य साथियों के साथ तमंचे की नोक पर उसकी मोटरसाइकिल को रोक लिया तथा अपशब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि यदि उसको जिंदा रहना है तो प्रधानी में खुलकर साथ दें अन्यथा परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे। उपरोक्त लोगों द्वारा दी जा रही धमकी का जब उसने विरोध किया तो उक्त लोगों ने उसको मोटरसाइकिल से जमीन में गिरा दिया तथा जमकर मारा पीटा जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। घटना की सूचना लेकर जब वह थाने गया तो पुलिस ने उसकी फरियाद सुनने के बजाय थाने से भगा दिया। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए दबंग कोटेदार तथा उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर कार्यवाही किए जाने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित को भरोसा दिलाते हुए कहा था कि उसको हर कीमत में न्याय मिलेगा। किंतु न्याय मिलना तो दूर की बात रही बकेवर थाने की पुलिस ने आज तक किसी प्रकार का कोई मुकदमा नहीं पंजीकृत किया है।




