शहर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, हाईवे से पकड़ा करोड़ों का गांजा
-रांची से दिल्ली ले जाई जा रही थी गांजे की खेप

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
फतेहपुर। कानपुर प्रयागराज हाइवे से होने वाली मादक पदार्थ तस्करी पर रोक लगाने के क्रम में शुक्रवार को शहर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाँथ लगी है। रांची से दिल्ली ले जाये जा रहे करोडों के गांजे की बड़ी खेप शहर पुलिस ने हाइवे से पकड़ी है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है वहीं दूसरा आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहा है। पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि शहर के हाइवे से होने वाली मादक पदार्थ की तस्करी को रोकने के लिए कोतवाली पुलिस को लगाया गया था। शुक्रवार को कोतवाल सत्येंद्र सिंह एसएसआई प्रभुनाथ यादव, उपनिरीक्षक अनुरुद्ध द्विवेदी, उप निरीक्षक संदीप तिवारी हेड कांस्टेबल राजकुमार पटेल, सिपाही शारदा प्रसाद शुक्ल व उनकी टीम ने हाइवे से चेकिंग के दौरान ट्रक नंबर सीजी 04 जेसी 9656 को पकड़ा। पुलिस ने ट्रक से 12 कुन्तल 6 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। एसपी ने बताया कि ट्रक में खाली बोरियों के बीच मे गांजा रखा हुआ था। यह लोग रांची से गांजे को लेकर दिल्ली जा रहे थे। एसपी ने बताया कि ट्रक को रांची से दिल्ली पहुंचाने के लिए ड्राइवर को तीस हजार रु दिये जाते है। उन्होंने बताया कि इस गांजे की कीमत लगभग ढाई करोड़ रु है। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम उज्ज्वल तिवारी पुत्र सच्चिदानंद तिवारी निवासी बरखेता झारखंड बताया है। एसपी ने बताया कि इसका एक साथी विश्वनाथ तिवारी निवासी झारखंड फरार है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एसीएस होम के द्वारा टीम को 1 लाख रु का इनाम दिया है।




