जालौन

बाइक में टक्कर मार ढाबे में घुसी कार, तीन घायल

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

उरई/ जालौन। हमीरपुर-जोल्हूपुर हाईवे पर सोमवार की शाम अनियंत्रित कार बागी में सड़क किनारे खड़ी बाइक में टक्कर मारकर ढाबे में घुस गई। इस हादसे में ढाबा संचालक, उसके नाती सहित तीन लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। हादसे के दौरान जोल्हूपुर-हमीरपुर मार्ग पर एक घंटे तक जाम लगा रहा है। सोमवार की शाम हाईवे पर उदनपुर की ओर से आ रही कार बागी के समीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बाइक में टक्कर मार कर ढाबे में घुस गई। ढाबे के अंदर चाय पी रहे राहगीर बब्लू (28) निवासी पिपराया थाना आटा, ढाबा संचालक गंगा प्रसाद (65) और नाती अभिषेक (12) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने बबलू की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उधर, गंगाप्रसाद और अभिषेक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। टक्कर मारकर भाग रहे वैन चालक को ग्रामीणों ने पकड़ कर धुनाई करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि बबलू की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। बबलू गांव पिपराया से हमीरपुर जा रहा था। वह चाय पीने के लिए ढाबे पर रुका था। हादसे के बाद से जोल्हूपुर हमीरपुर हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने कार को ढाबे से हटवाया। इसके बाद जाम खुल सका। इससे करीब एक घंटे तक लोग जाम के झाम से जूझते रहे। पुलिस के जाम खुलवाने के बाद यातायात सामान्य रूप से बहाल हो सका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button