जालौन

बिजली कटौती को लेकर आप का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

उरई/जालौन। जालौन में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जमकर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन आप कार्यकर्ताओं ने सड़क पारकर पैदल मार्च करते हुए डीएम कार्यालय जाकर किया। जहां कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी के नाम एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से भेजा। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिजली कटौती के विरोध में सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया। वह आप के प्रदेश सचिव दीनदयाल काका के नेतृत्व में अलग-अलग चौराहों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरकार और बिजली कर्मचारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदेश सचिव दीनदयाल काका ने बताया कि प्रदेश भर में भीषण बिजली कटौती हो रही है, जिससे जनता बेहाल है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला मुख्यालयों पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति दिए जाने के आदेश दिए हैं, इसके बावजूद बिजली विभाग द्वारा जमकर विद्युत कटौती की जा रही है। इस बिजली कटौती के कारण व्यापारियों का कामकाज ठप्प हो चुका है और अस्पतालों में बीमार लोगों की संख्या बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि बिजली कर्मचारी जमकर भ्रष्टाचार में डूबे हैं और वह अवैध तरीके से कटिया डलवा कर बिजली चोरी करवा रहे हैं, जिससे बिजली आपूर्ति सही नहीं हो पा रही है। सीएम ऐसे बिजली कर्मचारियों को बाहर निकालें और ईमानदार लोगों नौकरी दें, जिससे बिजली व्यवस्था सही हो सके और कनेक्शन उपभोक्ताओं को सही से आपूर्ति मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button