भरभरा कर गिरी बेकरी की बिल्डिंग

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र के रूई की मंडी में सुबह तडके गोवर्धन बेकरी की पुरानी और जर्जर हो चुकी बिल्डिंग अचानक से धराशाई हो गई। घटना के समय बेकरी के अंदर सो रहे 2 कर्मचारी मलबे के नीचे दबने से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार थाना शाहगंज क्षेत्र के रूई की मंडी में गोवर्धन बेकरी की एक पुरानी बिल्डिंग मौजूद है। बिल्डिंग काफी पुरानी होने के चलते जर्जर भी हो चुकी थी।
सुबह करीब 6.30 बजे के आसपास बिल्डिंग भरभरा कर गिर पडी। बिल्डिंग के अंदर सो रहे कर्मचारी फरहान और आमिर घटना का शिकार हो गए। बिल्डिंग के मलबे के गिरने से घायल हो गए। बिल्डिंग के गिरते ही लोगों की भीड मौके पर जुट गई। घटना की सूचना तत्काल थाना शाहगंज पुलिस को दी गई।
जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य में जुट गई। दोनों घायल हुए युवकों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी शाहगंज का कहना है कि घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचकर दोनों घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 1 युवक को थोडी गंभीर चोट है। हालांकि दोनों की हालत अभी स्थिर है।




