फैजाबाद

मुख्यमंत्री ने विंटेज कार से अयोध्या नगरी का किया भ्रमण, जनता का किया अभिवादन, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जाएजा

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

अयोध्या। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को रामनगरी पहुंचे। अयोध्या पहुंचने पर सीएम योगी ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किए। इसके बाद उन्होंने रामलला के दर्शन कर आरती और परिक्रमा की। साथ ही उन्होंने राम मंदिर परिसर का भी भ्रमण किया। इस दौरान सीएम योगी मंदिर परिसर के सामने बेहद ही खुश नजर आए।

वहीं उन्होंने प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों से जानकारी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लाल रंग की बेहद खूबसूरत विंटेज कार में सवार होकर नगर निगम की ओर से स्थापित टेंट सिटी का निरीक्षण किया। विंटेज कार में सवार होकर उन्होंने पूरे टेंट सिटी का भ्रमण किया और तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही सुरक्षाकर्मियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।

वहीं लोग सीएम योगी को विंटेज कार में सवार होता देखकर दंग रह गए। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुली विंटेज कार में सवार होकर काफी उत्साहित नजर आए। इस दौरान उन्होंने कार में बैठे-बैठे वहां मौजूद जनता का अभिवादन भी स्वीकार किया। इसके अलावा उन्होंने आवास विकास परिषद की ग्रीन फील्ड टाउनशिप और पर्यटन विभाग की तरफ से बनाई जा रही ट्रेन सिटी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। सीएम योगी ने अयोध्या दौरे के दौरान उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा अभिकरण (यूपीनेडा) द्वारा विकसित की गई रूफ टॉप माउंटेड सोलर बोट सर्विस का उद्घाटन कर देश में पहली बार इनलैंड वॉटरवेज के लिहाज से गेमचेंजिंग साबित होने वाले इलेक्ट्रिक सोलर टेक्नोलॉजी बेस्ड बोस सर्विस का शुभारंभ किया।

उन्होंने इस बोट के परिचालन को लेकर तमाम तकनीकी पहलुओं के निरीक्षण के साथ ही इनलैंड वॉटरवेज के विकास के लिहाज से अयोध्या में हो रहे प्रयासों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बटन दबाकर बोट संचालन की शुरुआत की तथा सरयू नदी में बोट पर सवार होकर नदी किनारे बने फ्लोटिंग जेटी व फ्लोटिंग बोट चार्जिंग स्टेशन का भी जायजा लिया। सीएम योगी ने अयोध्या में सरयू घाट पर शुक्रवार को सोलर बोट के संचालन का शुभारंभ करते हुए फीता काटकर व बोट के नेवीगेशन बटन को दबाकर आगाज किया। इस दौरान उन्होंने सरयू नदी में इस बोट के जरिए नौकायन भी किया तथा सरयू नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं तथा इनलैंड वॉटरवेज के हिसाब से विकसित की जा रही सुविधाओं का जायजा लेते हुए उनके बारे में जानकारियां प्राप्त कीं।

बोट पर राइड के दौरान उन्होंने घाटों पर भारी तादाद में जुटे श्रद्धालुओं का हाथ हिलाकर अभिवादन किया तथा बोट के संचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी ली। इस दौरान, सेलिंग जेटी के तौर पर कार्यरत ई-बोट चार्जिंग स्टेशन बनाए गए गंगा-6 को भी देखा तथा इसके बारे में जानकारी प्राप्त की। उल्लेखनीय है कि यह सेलिंग जेटी 15 दिसंबर से अयोध्या में डेरा डाले हुए है तथा यह 20 बोट्स के बर्थिंग का माध्यम बन सकता है। सेलिंग जेटी पर इलेक्ट्रिक पावर चार्जिंग प्लग प्वॉइंट्स को भी विकसित किया गया है, जिसके जरिए सरयू नदी में चलने वाली ई-बोट्स की चार्जिंग व बर्थिंग प्रक्रिया को पूर्ण किया जा सकेगा।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, अमित सिंह चैहान, रामचंद्र यादव समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सीएम योगी ने 127 नाविकों को लाइफ जैकेट भी प्रदान किया। सीएम योगी ने रामभूमि स्वच्छ भूमि अभियान के तहत प्लास्टिक डिपॉजिट रिफंड सेंटर के काउंटर का भी शुभारंभ किया। अयोध्या नगर निगम के साथनिजी क्षेत्र की द कबाड़ीवाला डॉट कॉम कंपनी के साथ यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button