राम मंदिर में दर्शन के लिए भारी भीड़ के बीच अयोध्या में प्रवेश बंद

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
अयोध्या : राम मंदिर के भव्य उद्घाटन के बाद मंगलवार को पूजा-अर्चना के वास्ते उमड़ी भारी भीड़ के बाद अयोध्या की ओर जाने वाले सभी वाहनों और पैदल श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश बंद कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने एडवाइजरी जारी करके श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 23 जनवरी को मंदिर में भारी भीड़ के मद्देनजर अयोध्या धाम न आए।
एडवाइजरी में कहा गया है कि सभी वाहन मार्गों को डायवर्ट कर दिया गया है और पैदल आने वाले भक्तों को भी अयोध्या में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। पुलिस ने सोशल मीडिया ‘एक्स पर जारी पोस्ट में कहा, ‘‘अयोध्या जाने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं से विनम्रतापूर्वक अनुरोध किया जाता है कि वे भारी भीड़ के कारण 23 जनवरी को न जाएं।
भीड़ के मद्देनजर अयोध्या की ओर जाने वाले सभी वाहनों के मार्ग बदल दिये गये हैं और पैदल चल रहे श्रद्धालुओं को भी अभी रोका जा रहा है। दरअसल, रामनगरी अयोध्या में धर्मपथ से लेकर रामपथ तक सुबह से ही भीड़ जमा है। पहले वाहनों के आने से जाम की स्थिति बेहद खराब हो रही थी। सड़कें जाम से कराहने लगीं।
रामपथ और धर्मपथ पर वाहनों का लंबा काफिला लगा रहा। श्रद्वालुओं के वाहन जाम के झाम से जूझते नजर आए। सड़कों पर जाम लगने से पुलिसकर्मी भी जूझते नजर आए। अब वाहनों की एंट्री रोक दी गई है। सड़कों पर जगह- जगह बैरियर लगाकर पुलिस ने यातायात की चाक चैबंद व्यवस्था कर रखी है।




