हरियाणा

लोकप्रिय हरियाणवी गायक राजू पंजाबी का निधन

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

हिसार : लोकप्रिय हरियाणवी गायक राजू पंजाबी का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 33 वर्ष के थे और हिसार के आजाद नगर इलाके में रहते थे। वह पीलिया से पीड़ित थे और बीते 10 दिन से यहां एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उनका अंतिम संस्कार राजस्थान में उनके पैतृक स्थान रावत्सर खेड़ा गांव में किया जाएगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गायक के निधन पर शोक जताया है। खट्टर ने ट्वीट कर कहा कि राजू पंजाबी का जाना ‘हरियाणा के संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति’ है। जैसे ही उनके निधन की खबर मिली राजू पंजाबी के रिश्तेदार और उनके प्रशंसक हिसार पहुंचने लगे। वह हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में जाना माना चेहरा थे।
वह ‘सॉलिड बॉडी’, ‘संदल’, ‘तू चीज लाजवाब’ और ‘देसी-देसी’ जैसे गानों से लोकप्रिय हुए थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत धार्मिक गानों से की थी और 2013 में अपने गीत ‘यार दोबारा नहीं मिले’ से लोकप्रियता हासिल की थी। उनका आखिरी गीत ‘आपसे मिलके यारा हमको अच्छा लगा था’ 12 अगस्त को रिलीज हुआ था।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button