वायरल के हम कायल

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
मुझ जैसे बेरोजगार को लगा कितने दिन ऐसे हाथ पर हाथ धरे बैठे रहेंगे। कभी न कभी कुछ न कुछ करना होगा । पढ़ाई के हिसाब से नौकरी निकली नहीं। निकली भी तो ऊँट के मुँह में जीरा भर। अब लिखें या देखें यही सोचते-सोचते हमारे ही जैसे किसी निकम्मे बंधु का दिया खैनी रगड़ते-रगड़ते रह गए। फिर एक दिन हमारे किसी मित्र ने हमें अपने साथ एक सभागार ले गए। वह भी अपने खर्चे पर। भाई वह क्या है न किसी के खर्चे पर सफर करने का मज़ा ही कुछ और होता है। कमाल की बात तो यह कि वहाँ समोसे और चाय का प्रबंध भी था। सो फोकट का चाय और समास गले के नीचे बिना टोल टैक्स के गटक गए। सभागार में जाने का फायदा यह हुआ कि वहाँ कोई मोटिवेशनल गुरु आए थे। वे एक ही बात का रट्टा लगाए रखे थे – राजा बनो राजा! नौकर नहीं! वैसे तो उनकी बात में बहुत दम था। हमें यह बात बहुत जम गई। दुर्भाग्य से जिस मित्र ने हमें मोटिवेशन गुरु से मिलवाया था, उसके मंसूबे पर पानी फिर गया। अब आप पूछेंगे कि उसका मंसूबा क्या था? वह किसी कंपनी के लिए एक से दो, दो से चार, चार से आठ सदस्यों को जोड़ने वाली स्कीम में लगा था। मैं उसके मंसूबे को भांप गया, सो उसके हाथ से चिकनी मछली की तरह फिसल कर अपने रास्ते हो लिया।
मोटिवेशनल गुरु की बात सुन उस दिन से नौकरशाही वाली नौकरियों से हाय-तौबा कर ली। इसलिए नहीं कि वह मुझे मिली नहीं, बल्कि इसलिए हम लाख लिख लें, भाग्य ठेंगा दिखाने से बाज़ थोड़े न आएगा। ऊपर से हाथ में कमंडल धरे ठन-ठन गोपाला बनने की फजीहत अलग से। सो, मैंने अपने मन की सुनी और राजा बनने का फैसला किया। अब आप कहेंगे राजतंत्र तो कब का खत्म हो गया, राजा भला कैसे बनेंगे? मैं कहूँ – राजतंत्र खत्म हुआ है। नेता के रूप में राजा और तानाशाह तो वैसे के वैसे ही पड़े हैं। सो मैंने नेता बनने का निर्णय किया। अगले दिन टाइमपास ऑनलाइन प्लेटफार्म पर हमरे देस में का बा। किसानन का पीठ बा। सरकारन का लात बा। गरीबन का भूख बा, मंत्रिअन का मौज बा। कुकुरन मति झूठन खाए, लोग एहर-वोहर दौड़न बा। यहाँ सरकारन का मौज बा।
गाना तो कट पेस्ट था लेकिन गाने का ढंग इतना मजेदार था कि रातोंरात हम वायरल हो गए। इस देश में कुछ बड़ा करने का मतलब वायरल होना है। सत्ता पक्ष के किसी चुगलखोर ने हमें उकसाते हुए पूछा – तो फिर जरूरतमंदों के लिए अपनी सारी दौलत देने को तैयार है? मैं भी कहाँ कम था। मैंने उसे बातों से लतियाते हुए हुए कहा – बरखूरदार! आदमी वही देता है, जो उसके पास होता है। वह तो मैंने ताव में आकर कह दिया। अंदर की बात यह है कि मेरे सिर पर कर्जे वालों का पहाड़ है। कहूँ तो यही दे दूँ। यह सुन वह ऐसे रफूचक्कर हुआ जैसे उसकी शादी है। जो भी हो, वायरल महाप्रभु ने हमें रातोंरात युवा दिलों की धड़कन बना दिया। सत्ता पक्ष की ओर से अपनी पार्टी में जुड़ने का प्रस्ताव भेजा। नेकी और पूछ-पूछ। हमने यह प्रस्ताव दोनों हाथों से लपक लिया। पार्टी की ओर से कार्यालय के नाम पर टू बीएचके का घर, कार्यकर्ताओं के नाम पर गुंडे टाइप मुचटंडों के संग कुछ सुंदरियाँ और भोजन के नाम पर आस-पड़ोस के होटलों की मेनू वाला भोजन मिलने लगा। इस तरह रातोंरात हम वायरल से रॉयल बनकर हाथ और पैर की बीसों उंगलियाँ घी में डुबोए राज कर रहे हैं।
डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा उरतृप्त, मो. नं. 73 8657 8657




