कला-साहित्य

“कब बदलेगा वक्त”

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

साहित्य की छवि समूची धूमिल हो चुकी है। समय के साथ हर चीज़ में परिवर्तन पाया जाता है, वैसे हर सामाजिक मुद्दों में भी परिवर्तन दिख रहा है। कहीं कुछ सही और सकारात्मक नहीं दिख रहा, लेखन के भी मायने बदल गए है।

मनुष्यता के समुन्दर में उठती दहशती लहरों को लिखते है जब सुख़नवर त्रस्त समाज के समसामयिक घटनाक्रमों की समीक्षा-आलोचना करते तब शब्दों की आत्मा लहू-लुहान होते तड़प उठती है। कलम की नोक से बह रहे नीले आँसू में दबी दु:ख पीड़ा संताप की प्रखर तपिश में उबलते शब्दों की रूह ज़ख्मी होते जूलस रही है।

अतीत की कहानियाँ कितनी हसीन थी,

क्या किसीको याद है? क्या चरित्र था विश्व का पाक, साफ़ विचारों की नदियाँ बहती थी। हर दिमाग़ षडयंत्र से परे था,

हवाएं गाती थी अमन के उजाले 

नीर भरी दुख की बदली कहीं नहीं  दिखती थी। बुज़ुर्गों के सम्मान में बच्चों के सर झुकते थे। चिड़िया के परों सी हल्की ज़िंदगी सुलभ, सहज और आसान थी, इंसानो के व्यक्तित्व से सदाचार छलकता था। शिष्टाचार, सुसंस्कृत और संवेदना के समन्वय से प्रकाशित सड़कें दिखती थी, जहाँ बेटियाँ निर्भय और सुरक्षित घूमती थी। वर्तमान को झिलमिलाता देखना संभव नहीं, क्यूँकि वर्तमान दागदार हो चुका है, अतीत की बात ही कुछ न्यारी थी।

अब तो वक्त के जबड़ों में दबोचे सामाजिक व्यवस्था की चाल की कथा महाग्रंथ की व्यथा बन जाती है। अनगढ़ से सत्य असत्य का शोर शब्दों के माध्यम से लिखने का हुनर मुखारित करते वेदना लिखते तो है। पर कलम से शरारे उठते है शब्दों के देह में चिंगारी उठती है। जब समसामयिक तीरगी की गतिविधियों को अंजाम देते आलेखों में ढ़ालते है लेखक तब शाब्दिक पहरन तार-तार होते है।

इस मौजूदा कलयुगी कालखंड के भीतर धड़कता शीशा पिघल रहा है। वक्त अपना एसा काला पहलू दिखा रहा है हर मन उद्वेलित और अवसाद सभर आभासित होते है। कौनसे किस्से पर लिखें एक घटना के पीछे दूसरी घटना काला मुँह लिए खड़ी है।

इंसानी करतूत उजागर करें या कुदरती कहर का अन्याय लिखें। सियासती संग्राम के किस्से लिखें या कॉरपोरेट जगत की साज़िशें फ़िल्म जगत की शतरंजी चाल लिखें या लोकतंत्र की महत्ता। रानाइयां ज़िंदगी की बदल चुकी है रंगीनियाँ कालिख़ में ढ़ल रही है। अखबारों के पन्नों पर घटनाओं के मेले में शब्दों की सरगम खो गई है। 

एक नई भोर की तलाश में भटक रहा है कागज़, कलम, दवात लेखन के सारे इंतज़ामात। लेखकों की ऊँगलीयां बेताब है लिखने संस्कारित शब्दों की माला में दुन्यवी गतिविधियों के खुशनुमा किस्से पिरोने को। ये समय की क्षितिज पर ठहरी स्याह रात ढ़ले तो सुनहरे समय का आफ़ताब रोशन हो पाएं।

भावना ठाकर ‘भावु’ (बेंगलूरु, कर्नाटक)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button