पंजाब

संगरूर लोकसभा उपचुनाव में सिमरनजीत सिंह मान जीते, आप को करारा झटका

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

चंडीगढ़/मोहाली : पंजाब में संगरूर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के उम्मीदवार सिमरनजीत सिंह मान जीत गये हैं। विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत पाने वाली आम आदमी पार्टी को संगरूर उपचुनाव में करारी हार मिली है। इससे पहले सिमरनजीत सिंह मान और आप के गुरमेल सिंह में कांटे की टक्कर चल रही थी। मान पूर्व सांसद और शिअद (अमृतसर) के अध्यक्ष हैं। कांग्रेस उम्मीदवार दलवीर सिंह गोल्डी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केवल ढिल्लों और शिअद की कमलदीप कौर राजोआना क्रमश: तीसरे, चैथे और पांचवें स्थान पर चल रहे थे।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। लोकसभा सीट पर 23 जून को मतदान हुआ था, जिसमें बेहद कम 45.30 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस साल की शुरुआत में राज्य विधानसभा चुनाव में विधायक चुने जाने के बाद लोकसभा से भगवंत मान के इस्तीफे के कारण उपचुनाव कराना पड़ा। मान, जो अब राज्य के मुख्यमंत्री हैं, ने 2014 और 2019 के संसदीय चुनावों में संगरूर सीट से जीत दर्ज की थी। इस साल मार्च में राज्य विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी की शानदार जीत के बाद संगरूर लोकसभा सीट पर उपचुनाव उसका पहला बड़ा चुनावी मुकाबला था।

सत्तारूढ़ आप के लिए उपचुनाव को अपना गढ़ बचाए रखने के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा था। आप ने 38 वर्षीय सिंह को चुनाव मैदान में उतारा था, जो पार्टी के संगरूर जिले के प्रभारी हैं, जबकि कांग्रेस ने धुरी के पूर्व विधायक गोल्डी पर भरोसा जताया था, भाजपा ने बरनाला के पूर्व विधायक केवल ढिल्लों को अपना उम्मीदवार बनाया था, जो 4 जून को पार्टी में शामिल हुए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button