सड़क हादसे में मृत होमगार्ड के परिजनों ने बेटी को नौकरी दिए जाने की मांग की

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
उरई/जालौन। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले आटा थाने के होमगार्ड गंगाराम की बेटी को नौकरी दिेलाए जाने की मांग परिजनों ने पुलिस व प्रशासनिक अफसरों से की है। हालांकि अभी तक अफसरों की तरफ से पीड़ित परिवार को न तो कोई आर्थिक मदद मिली है और न ही नौकरी आश्वासन ही मिला है। थानाक्षेत्र के परासन गांव निवासी होमगार्ड गंगाराम आटा थाने में तैनात था। शनिवार को वह थाने से एक मुल्जिम को कोर्ट में पेश करने के लिए आटो से लेकर जा रहा था। हाईवे पर आटो अनियंत्रित होकर पलट गया था। इसमें गंगाराम की मौके पर मौत हो गई थी। मुल्जिम समेत दो लोग घायल हो गए थे। मंगलवार को होमगार्ड के परिजन आला पुलिस अधिकारियों मिले। उन्हें बताया कि होमगार्ड गंगाराम के पास मात्र दो बीघा जमीन है। वह नौकरी से ही परिवार का पेट पालता था। गंगाराम की मौत से परिवार के सामने रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। परिजनों ने होमगार्ड की स्नातक तक पढ़ाई कर चुकी बेटी को नौकरी दिलाए जाने की मांग की है।




