हत्या कर सबूत मिटाने पर उम्रकैद, 23 साल पुराने मामले में कोर्ट ने सुनाई सजा

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
अलीगढ़। अलीगढ़ में 23 साल पहले हुए अपहरण और हत्या के मामले में न्यायालय ने फैसला सुनाया है। पुलिस द्वारा पेश किए गए सबूत और गवाहों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही आर्थिक दंड भी लगाया गया है। एडीजे-11 रजनेश कुमार की अदालत ने यह फैसला सुनाया है। उन्होंने अपहरण, हत्या और सबूत मिटाने के मामले में दोषी के ऊपर 45 हजार रुपए का आर्थिक दंड लगाया है।
जिसका एक हिस्सा पीड़ित के परिवार को दिया जाएगा। आर्थिक दंड अदा न करने की स्थिति में अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी पड़ेगी। एडीजीसी प्रमेंद्र जैन ने बताया कि घटना 7 अगस्त 2000 की है। जिसमें शाहगढ़ निवासी भारतेंदु सिंह ने अपने चचेरे भाई की हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि हाथरस के पंढ़ेर निवासी उनके साढू वीरेंद्र सिंह अपनी साली की शादी अपने सगे छोटे भाई से कराना चाहते थे।
लेकिन परिवार के लोग इस बात से राजी नहीं थे और उन्होंने साली की शादी उनके चचेरे भाई त्रिवेंद्र के साथ करा दी। यह शादी होने के बाद वीरेंद्र उनके चचेरे भाई त्रिवेंद्र के साथ रंजिश मानने लगा था और उसे जान से मारना चाहता था। घटना के दिन वीरेंद्र अपने दादों निवासी दोस्त शिवकुमार के साथ त्रिवेंद्र को लेकर गया था। वीरेंद्र ने शिवकुमार और अन्य साथियों की मदद से त्रिवेंद्र को सिकंदराराऊ लेकर गया था। यहां उसने बैठकर बातचीत करने को कहा था।
लेकिन त्रिवेंद्र वापस लौटकर नहीं आया। जिसके बाद पता चला कि पहले उसे जगदीश गुप्ता के मकान में बंधक बनाकर रखा गया था और फिर टेंपो में डालकर एटा लेकर गए थे। यहां पर मारहरा क्षेत्र के गांव मई के पास गोली मारकर हत्या कर दी थी और फिर शव को नाले में फेंक दिया था। इस मामले में वीरेंद्र, शिव कुमार समेत 4 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था और चार्जशीट दायर हुई थी। सारे मामले में शिव कुमार की पत्रावली अलग चल रही थी, जिसके चलते न्यायालय ने इस मामले में पेश साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर उसे दोषी करार करते हुए आजीवन कारावास और 45 हजार आर्थिक दंड की सजा सुनाई है।




