हल्की धूप निकलने से शीतलहर से मिली राहत

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
अलीगढ़। जनपद में पिछले दो दिनों से लगातार मौसम खुशनुमा बना हुआ है। दोपहर में धूप निकलने से लोगों को शीतलहर से राहत मिल रही है और लोग छत और मैदान में बैठकर धूप का आनंद ले रहे हैं। गुरुवार दोपहर बाद से ही मौसम खुल गया और धूप खिली हुई है। जिले में धूप निकली हुई है, लेकिन लगातार शीतलहर का प्रकोप भी जारी है।
धूप खिलने से सर्दी में राहत तो मिल रही है, लेकिन शाम होते ही शीतलहर के कारण लोगों को ठिठुरना पड़ता है। ऐसे में शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने आठवीं तक के विद्यालयो में 13 जनवरी तक का अवकाश घोषित कर दिया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ0 राकेश सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कक्षा 1 से 8वीं तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके लिए सभी प्रबंधकों और हेड मास्टरों को आदेश जारी किए जा चुके हैं।
सभी विद्यालयों को सख्ती के साथ इन आदेशों का पालन करना होगा। बीएसए ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग, यूपी बोर्ड के साथ ही सीबीएसई, आईसीएसई, एएमयू समेत सभी मान्यता प्राप्त बोर्डों के विद्यालयों में अवकाश रहेगा। बीएसए ने बताया कि सभी स्कूलों को आदेशों का पालन करना होगा। अगर किसी ने आदेशों की अवहेलना की तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों तक दिन में लोगों को सर्दी से राहत मिलती रहेगी। आसमान साफ रहेगा और दिन में धूप खिलती रहेगी। जिससे कि लोगों को सर्दी से राहत मिलती रहेगी। वहीं रात में शीतलहर के कारण ठिठुरन बनी रहेगी और तापमान में भी गिरावट आएगी।




