मुजफ्फरनगर

5 का पहाड़ा सही से याद नहीं था…मुझे करीब एक घंटे तक पीटा गया- पीड़ित बच्चा

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक टीचर का वीडियो धड़ले से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला टीचर विशेष समुदाय के एक बच्चे को क्लास के अंदर बाकी छात्रों से बारी-बारी से पिटवा रही है। अब उस पीड़ित बच्चे का बयान भी सामने आ गया है। पीड़ित बच्चे ने बताया कि उसे 5 का पहाड़ा सही से याद नहीं था। क्लास में पहाड़ा सुनाते समय एक-दो गलती निकल गई थी। इसी को लेकर मैडम ने क्लास के सभी छात्रों से उसकी पिटाई करने को कहा. पीड़ित बच्चे ने कहा कि मुझे करीब एक घंटे तक पीटा गया। मारने वाले बच्चे कौन थे? मुझे उनके नाम नहीं पता हैं। पीड़ित बच्चे के पिता ने कहा कि उन्होंने टीचर से अपने बच्चे की शिकायत की थी, लेकिन स्कूल के बच्चों से पिटवाने को नहीं कहा था। स्कूल से बाहर निकलने के बाद भी छात्रों ने मेरे बच्चे को पीटा है। ये गलत है। वीडियो बनाने वाले शख्स का कहना है कि वह अपने काम से स्कूल में गया था। वहां पर देखा कि उसके भतीजे को स्कूल के बच्चे जाकर थप्पड़ मार रहे हैं। गुस्सा बहुत आया लेकिन उसने चुपचाप वीडियो बनाई। बाद में उसने बच्चे को पिता को ये वीडियो दिखा दी। बच्चे के पिता ने अपील करते हुए कहा कि इस पूरे मामले को धार्मिक रंग देने की कोशिश ना करें। स्कूल के छात्रों से मेरे बच्चे को पिटवाना गलत है। टीचर मारती तो मुझे कोई दिक्कत नहीं थी। इस तरह किसी को सजा देने पूरी तरह से गलत है। पिता ने कहा कि पिटाई का वीडियो टीचर को दिखाने पर उसने धौंस दिखाई। धार्मिक सौहार्द खराब न हो इसलिए मुकदमा दर्ज ना कराकर समझौता किया था, लेकिन जब बाद में बच्चों ने फिर पीटा तो तब जाकर पुलिस में केस दर्ज कराया है। बता दें कि छात्र की पिटाई का कथित वीडियो मुजफ्फरनगर जिले के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के खुब्बापुर स्थित गांव के एक स्कूल का बताया जा रहा है। आरोप है कि दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र की शुक्रवार को उसकी कक्षा के अन्य छात्रों ने पिटाई कर दी। अध्यापिका के निर्देश पर उसे एक के बाद एक थप्पड़ मारे। यह भी आरोप है कि वीडियो में एक समुदाय विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। इस मामले में आरोपी टीचर के खिलाफ मंसूरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत पर केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने 323, 504 धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button