सहारनपुर

मिशन शक्ति: मेहंदी व रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

– मौहल्ला समितियों और सुपरवाइजरों ने प्रतियोगिता में किया प्रतिभाग

सहारनपुर। नगर निगम द्वारा मिशन शक्ति के तहत आज सर्किट हाउस रोड पर सुनहरा कल उमंग कार्यालय में मौहल्ला समितियों के बीच मेहंदी व रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। प्रतियोगिता के विजेताओं को एक समारोह में पुरस्कृत किया जायेगा।
सर्किट हाउस रोड स्थित उमंग के कार्यालय पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल के एनजीओ उमंग व फोर्स के सहयोग से मिशन शक्ति-4 के तहत एक मेहंदी व रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अनेक मौहल्ला समितियों की प्रतिनिधि महिलाओं और उनकी सुपरवाइजरों द्वारा प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया गया। प्रतिभागियों ने एक दूसरे के हाथों पर मेहंदी से फूल-पत्तियों के इतने महीन और सुंदर डिजाइन उकेरे कि देखने वाले दांतों तले उंगली दबा जाएं। जबकि रंगोली बनाने वाले प्रतिभागियों ने रंगों के सुंदर समन्वय के साथ एक से बढ़कर एक आकर्षक रंगोली बनायी।
सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम ने प्रतिभागियों द्वारा मेहंदी व रंगों से उकेरी गयी कलाकृतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सुंदर चित्रों का चित्रण वहीं कर सकता है जो मानसिक स्तर पर स्वस्थ विचार और अपने आस पास का परिवेश स्वच्छ और साफ रखता हो। उन्होंने मौहल्ला समितियों से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही किसी भी शहर की पहली पहचान होती है। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों को एक विशेष समारोह में पुरस्कृत किया जायेगा। इस दौरान मयंक पाण्डेय, मौ.अर्श, गुलशन खां तथा स्वच्छ भारत मिशन के इंतजार व चांद खां आदि मौजूद रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button