भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को ऑक्टा महामंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने दिया ज्ञापन

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
गोंडा । 24 नवंबर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष माननीय स्वतंत्र देव सिंह को डिग्री शिक्षकों की लंबित मांगों के समाधान हेतु डॉ.जितेंद्र सिंह ने ज्ञापन दिया। डॉ.जितेंद्र सिंह अवध विश्वविद्यालय-महाविद्यालय शिक्षक संघ के महामंत्री हैं और संघ अपनी आधारभूत एवं न्यायपूर्ण मांगों के लिए आंदोलित है।दिए गए ज्ञापन में डॉ. राममनोहर लोहिया अवधविश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ की ओर से बहुप्रतीक्षित, लंबे समय से मांग किए जा रहे प्रोफेसर पदनाम एवं ग्रेड दिए जाने पर मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ जी एवं उप मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री माननीय डॉ. दिनेश शर्मा सहित समूचे तंत्र का आभार प्रकट किया है। इसके साथ ही प्रोफेसर पदनाम एवं ग्रेड संबंधी निर्गत शासन के पत्र में एपीआई को लेकर भूतलक्षी आधार को विसंगतिपूर्ण कहा गया है और उसके समाधान की अपेक्षा की गई है। इसके अतिरिक्त पुरानी पेंशन योजना की बहाली, पीएच. डी. के उपरांत देय वेतनवृद्धि, छूटे हुए मानदेय शिक्षकों का आमेलन, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष, शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सीय उपचार दिया जाए। ऑक्टा महामंत्री ने यह ज्ञापन लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र नाथ मिश्र और भूगोल विभाग के अध्यक्ष तथा भाजपा के नेता डॉ.रंजन शर्मा, डॉ.मनोज मिश्रा की उपस्थिति में दिया।




