माँ भारती

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
भारत मांँ का वंदन करते,
अनुपम इसकी शान।
धरा स्वर्ग से सुन्दर इसका
सभी करें सम्मान।
भारत मांँ का वंदन करते।
ऊंँचा हिमगिरि शिखर यहांँ पर,
है अनुपम पहचान।
निर्मल गंगा प्रतिपल बहती,
देती सब को प्राण।।
नदियाँ,झरने,सागर सारे,
गाते मीठे गान।
भारत मांँ का वंदन करते,
अनुपम इसकी शान।
तीन रंग का झंडा अपना,
वह भारत की शान।
हरा सफ़ेद और केसरिया,
तीनों अपनी जान।।
संरक्षण सबको मिलता है,
मिलता सबको मान।
भारत मांँ का वंदन करते,
अनुपम इसकी शान।।
भिन्न भिन्न परिधान यहाँ हैं,
धर्म कई सब नेक।
समरसता से मिल सब रहते,
सुख-दुख होते एक।
अपनेपन से सभी बँधें हैं,
यह इसका अभिमान।।
भारत माँ का वंदन करते,
अनुपम इसकी शान।।
ऋतुएं आतीं सर्दी गर्मी,
मनभावन बरसात।
है विशुद्ध जलवायु यहाँ की,
प्रकृति जन्य सौगात।
माने जाते सदा देवता,
घर आए महमान।
भारत माँ का वंदन करते,
अनुपम इसकी शान।
वीनू शर्मा,वरिष्ठ कवयित्री
जयपुर-राजस्थान




