दुनिया मे कुश्ती का शौर्य भारत के पराक्रम की है गौरवगाथा- प्रमोद तिवारी
सीडब्ल्यूसी मेंबर व एमएलसी दीपक सिंह ने राष्ट्रीय दंगल के पहलवानों को किया पुरस्कृत

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
सेमरा में राष्ट्रीय दंगल मे देश के नामी पहलवानों ने दिखाया रोमांचक जज्बा
लालगंज, प्रतापगढ़। अठेहा क्षेत्र के समीप सेमरा गांव मे दो दिवसीय राष्ट्रीय दंगल प्रतियोगिता के रविवार को समापन पर देश के नामीगिरामी पहलवानों ने कुश्ती का रोमांचक प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। राष्ट्रीय दंगल मे इस बार यूपी अयोध्या के राजेश दास बाबा को कुश्ती चैंम्पियनशिप का खिताब मिला। बाबा ने हरियाणा के रॉकी को कौतूहल भरे प्रदर्शन मे पटखनी दी। वहीं उप विजेता रॉकी को भी पुरस्कृत किया गया। इसके पूर्व समापन समारोह मे बतौर मुख्यअतिथि पहुंचे सीडब्ल्यूसी मेंबर प्रमोद तिवारी ने फाइनल कुश्ती के पहलवानों का एक दूसरे से हाथ मिलवाकर उत्साहवर्धन किया। बतौर मुख्यअतिथि प्रमोद तिवारी ने कहा कि कुश्ती भारतीय खेल के परम्परागत गौरवगाथा का आज भी जीवंत इतिहास बनाए हुए है। उन्होनें कहा कि कुश्ती ने ही दुनिया को भारत की सोंधी मिट्टी के शौर्य का एहसास कराया है। श्री तिवारी ने कहा कि दंगल की स्पर्धा सदैव हमें देश व समाज के नवनिर्माण मे रचनात्मक भूमिका तथा अपने राष्ट्रीय हितों को समर्पित कर्तव्यों का बोध कराता है। प्रमोद तिवारी ने दंगल मे प्रदेश और अन्य विभिन्न राज्यों से आये पहलवानों के भी खेल प्रदर्शन की हौसला आफजाई करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी को भी कुश्ती सदैव शारीरिक स्फूर्ति के साथ बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य के जरिए राष्ट्र निर्माण मे समर्पण के प्रेरणा देती रहेगी। श्री तिवारी ने चैम्पिंयनशिप के साथ अन्य स्पर्धा मे भी जीत का परचम लहराने वाले नामीगिरामी पहलवानों को स्वयं तथा आयोजन समिति की ओर से पुरस्कृत किया। वहीं क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना के पुत्र राघव मिश्र ने भी विधायक की ओर से दंगल मे शामिल हुए पहलवानों का स्वागत किया। राष्ट्रीय दंगल आयोजन समिति के अध्यक्ष अनवारूल हसन ने प्रमोद तिवारी को कमेटी की ओर से शॉल तथा मान पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सारस्वत सम्मान से नवाजा। राष्ट्रीय दंगल में बतौर विशिष्ट अतिथि विधान परिषद मे कांग्रेस दल के नेता दीपक सिंह रहे। एमएलसी दीपक ने भी कुश्ती के आयोजन की सराहना करते हुए दंगल की प्रतियोगिताओं को खेल के प्राचीन धरोहर ठहराया। आयोजकों ने एमएलसी दीपक सिंह को भी स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया। इधर दंगल मे देश के बड़े-बड़े पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए हजारों की भीड भी समापन बेला मे जुटी दिखी। दर्शकों कोे भी पहलवानों की जोर आजमाईश के बीच लुफ्त उठाते हुए तालियों की गड़गडाहट से उनमे जोश भरते देखा गया। राष्ट्रीय दंगल मे इटावा के विनोद ने बरेली के रामू, जम्मू के मो. शरीफ ने पटियाला के कुलदीप, मेरठ के साबिर ने बिहार दंतिया के श्यामवीर को भी पटखनी देकर ईनाम जीते। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह बब्लू ने किया। इसके पूर्व प्रमोद तिवारी ने राहाटीकर के पूरे बसावन स्थित आरके शिशु शिक्षा सदन पूर्व मा. विद्यालय के वार्षिकोत्सव मे भी शामिल हुये। कार्यक्रम का संयोजन प्रबंधक रामकिशोर कोरी व प्रधान रामसुख यादव ने किया। कार्यक्रम का संचालन दीपक सिंह ने किया। वहीं प्रमोद तिवारी ने लालगंज नगर पंचायत के दीवानी वार्ड तथा केशवपुर मे प्रधानाचार्य सुनील शुक्ल के संयोजन मे आयोजित कार्यक्रम मे शामिल हुए। उदियापुर वार्ड के लोगों ने भी सभासद अनिल पाण्डेय तथा समाजसेवी रमाशंकर पाण्डेय की अगुवाई मे लोगों ने प्रमोद तिवारी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, लालगंज प्रमुख इं. अमित प्रताप सिंह, मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, आशीष उपाध्याय, सरवर खॉन, मोईन खॉन, रोहित सिंह, प्रधान अशोक, सुधाकर पाण्डेय, प्रभात ओझा आदि रहे।




